बेटे को अगवा करके बोला अकेले आना मामी, पुलिस ने भी बढ़िया जाल बिछाया फंस गया भांजा, हल्द्वानी का है ये मामला

हल्द्वानी। मामी ने रिश्ता तोड़ा तो भांजा इतना बौखला गया कि मामी के पांच साल के बेटे का ही अपहरण कर लिया और अकेले मिलने बुलाया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भी ऐसा जाल बिछाया कि भांजा अब सलाखों के पीछे पहुंच गया है। बालक सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक इंदिरानगर की एक महिला के अपने ही भांजे से गहरे संबंध थे। वह कुछ समय से उसके साथ ही रह रही थी। दो-तीन दिन पहले युवक को छोड़कर वह घर लौट आई थी। इससे भांजा नाराज हो गया। उसने मामी को सबक सिखाने के लिए उसके पांच साल के मासूम बेटे का अपहरण करने का मन बना लिया। वह टॉफी दिलाने के बहाने शनिवार को मासूम को घर से ले गया। मासूम जब काफी देर तक नहीं लौटा तो महिला को चिंता हुई। कुछ देर बाद महिला के पास फोन कॉल पहुंची और युवक ने उसे छोड़कर चले आने पर धमकाया। उसने मामी से अकेले वापस आने को कहा और ऐसा न करने पर बेटे की हत्या कर शव नाली में फेंकने की धमकी दी।
थाना अध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि महिला ने सूचना थाने में दी। इस पर महिला को युवक के पास जाने को कहा गया। पीछे से सादा कपड़ों में पुलिसकर्मियों की टीम लगा दी गई। जैसे ही आरोपी युवक महिला से मिलने के लिए लालकुआं स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने मौके से ही मासूम को भी बरामद कर लिया। थाना प्रभारी बताया कि बच्चा स्वस्थ है। आरोपी के खिलाफ हत्या की नीयत से अपहरण किए जाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
