पीस कमेटी की बैठक में ईद भाईचारे से मनाने की अपील, हल्द्वानी में सौहार्द बना रहेः एसपी सिटी

हल्द्वानी। जिले में आगामी ईद पर्व को सकुशल व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देशानुसार बुधवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल की अध्यक्षता में कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए ईद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी खबर या सूचना को बिना सत्यापन के आगे न बढ़ाने की सलाह भी दी गई। इस दौरान ईद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों और किरायेदारों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।
पुलिस ने व्यापारियों से बाजार समय में मिली छूट का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान लगातार पुलिस गश्त जारी रखने की बात कही, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे। बैठक में गैस सिलेंडर समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा, बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश पफर्त्याल, कोतवाल विजय मेहता, मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी, काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




