उधमसिंह नगर क्राइम-बाजपुर में बैंक मैनेजर को गोली मारी

उधमसिंह नगर- बाजपुर में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने बैंक से लौट मैनेजर को रास्ते में घेरकर गोलियां दाग दीं। एक गोली मैनेजर की कार की बॉडी को पार कर उनकी पसलियों में जा लगी। उनकी हालत को गंभीर मानते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी रेफर किया। जानकारी के अनुसार मूलरूप से संभल (उत्तर प्रदेश) और हाल मोहल्ला पहाड़ी कालोनी बाजपुर निवासी विवेक यादव पुत्र महेश यादव नैनीताल बैंक की बरहैनी शाखा में प्रबंधक हैं। मंगलवार शाम बैंक बंद करने के बाद वह अपनी कार से वापस बाजपुर आ रहे थे।
इसी बीच नैनीताल-बाजपुर मार्ग पर ग्राम पंचायत दियोहरी के समीप बाइक सवारों ने विवेक यादव की कार पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। जिसमें एक गोली कार की डिग्गी व सीट को चीरते हुए सीधे विवेक को लगी। इससे वह कार से नियंत्रण खो बैठे और वह सड़क किनारे टकराकर रुक गई। हमलावर वहां से फरार हो गए। राहगीरों ने घायल शाखा प्रबंधक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीओ वंदना वर्मा व कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंच विवेक व उनके परिजनों के बयान दर्ज किये। मौके से खाली खोखा भी बरामद हुआ।
