आखिरकार कोर्ट के आदेश पर उखाड़ दी गई 40 साल पुरानी कॉलोनी

ख़बर शेयर करें -

चंडीगढ़ की कॉलोनी नंबर 4 में आज सैकड़ों परिवार बेघर हो गए। चंडीगढ़ प्रशासन के भारी भरकम बुलडोज़र्स ने यहां बने कच्चे मकानों को ढहा दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों के आगे कॉलोनीवासी बेबस नजर आए। यह कोई विरोध भी दर्ज नहीं करवा पाए और उनकी आंखों के सामने उनके घरों को ढहा दिया गया। कॉलोनी में करीब 2 हजार परिवारों में से सिर्फ 290 को चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस ने बॉयोमैट्रिक सर्वे के आधार पर मलोया में मकान की पेशकश की है।

कॉलोनी में रहने वाले लोग साईकिल, रेहड़ियों और पैदल ही अपना ज़रुरी सामान लेकर जाते नजर आए। वहीं कुछ सड़क किनारे और टूटे घरों के पास अपना सामान लेकर बैठे नजर आए। मकान टूटने के बाद कुछ लोग आसपास की कॉलोनियों में किराए पर रहने के लिए जा रहे थे। वहीं कुछ के पास किराए के पैसे नहीं थे और वह दुखी होकर रोते-बिलखते नजर आए। कुछ कॉलोनी वासियों ने बताया कि वह अपना सामान बांध कर गांव जा रहे हैं।गौरतलब है कि चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस ने तड़के सुबह 7 बजे ही यह डेमोलिशन ड्राइव चलानी शुरु कर दी थी। दूसरी और पुलिस, आर्मी और सिविल डिफेंस की टीमें सुबह 5 बजे ही यहां पर तैनात हो गई थी। सुबह 11 बजे तक करीब 80 फीसदी काम पूरा हो गया था। यह कॉलोनी फोरेस्ट विभाग और एस्टेट ऑफिस की करीब 65 एकड़ में फैली हुई थी। प्रशासन के मुताबिक इस जमीन का रेट लगभग 2 हजार करोड़ रुपए है। करीब 40 वर्ष पहले यह कॉलोनी बसाई गई थी। कुछ कॉलोनी वासियों ने दावा किया कि उनका बॉयोमैट्रिक सर्वे हो रखा था। इसके बावजूद उन्हें मकान नहीं मिला। चंडीगढ़ प्रशासन के अफसरों के मुताबिक अब जल्द ही संजय कॉलोनी भी ढहा दी जाएगी। यह कॉलोनी भी इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 में बनी हुई है।

बेघर हुए परिवार अपनी छत के इंतजार में बैठे हुए हैं।

2 हजार जवानों और 10 एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की देखरेख में यह ड्राइव चलाई गई। चंडीगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट विनय प्रताप सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए थे। आज रात को 12 बजे तक इलाके में धारा 144 लगी हुई है। डेमोलिशन ड्राइव के दौरान कॉलोनी नंबर 4 और इसके 500 मीटर के दायरे में 5 या इससे ज्यादा लोगों के जुटने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी हुई है कि कोई भी इन आदेशों की उल्लंघना करता है तो उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 188 व अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी।

Ad