महिला उत्पीढ़न में देवभूमि के आंकड़े भी चौंकाने वाले, 2023 में दर्ज हुए बलात्कार के इतने केस, उधमसिंहनगर अव्वल

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर। देेश में आजकल बलात्कार व महिला उत्पीड़न को लेकर आन्दोलन हो रहे हैं लेकिन शांत माना जाने वाला उत्तराखंड राज्य भी इसमें पीछे नहीं हैं। उत्तराखंड में वर्ष 2023 में 421 बलात्कार के अपराध पुलिस में दर्ज हुए हैं जिसमें अकेले उधमसिंह नगर जिले में 204 बलात्कार केस दर्ज हुये हैं। यह खुलासा सूचना अधिकार के अन्तर्गत पुलिस मुख्यालय द्वारा नदीमउद्दीन को उपलब्ध करायी गयी सूचना से हुआ है। नदीम उद्दीन एडवोकेट ने उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय से वर्ष 2023 में दर्ज अपराधों सम्बन्धी विवरणों की सूचना चाही थी।

इसके उत्तर में पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की लोक सूचना अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक कार्मिक, शाहजहां जावेद खान ने अपने पत्रांक 53 दिनांक 29 जुलाई 2024 के साथ पुलिस उपाधीक्षक सीसीटीएनएस विवेक सिंह कुटियाल द्वारा उपलब्ध कराये गये वर्ष 2023 के महिला उत्पीड़न सम्बंधी अपराधों के विवरण की सत्यापित फोटो प्रति उपलब्ध करायी है। उपलब्ध महिला उत्पीड़न सम्बन्धी अपराधों के विवरण के अनुसार वर्ष 2023 में उत्तराखंड में 421 बलात्कार के अपराध दर्ज हुये है। इसमें सर्वाधिक 204 उधमसिंह नगर जिले में, दूसरे स्थान पर 85 देहरादून, तीसरे स्थान पर 50 हरिद्वार, चौथे स्थान पर 26 नैनीताल जिले में दर्ज हुए हैं। इसके अतिरिक्त अल्मोड़ा में 3, बागेश्वर में 5, चमोली व उत्तरकाशी में 2-2, चम्पावत में 4, पौड़ी गढ़वाल में 13, पिथौरागढ़ में 8, टिहरी गढ़वाल में 19, बलात्कार दर्ज हुये हैं। केवल रूद्रप्रयाग ही ऐसा जिला है जिसमें बलात्कार का कोई अपराध दर्ज नहीं है। वर्ष 2023 में 48 दहेज हत्या के अपराध दर्ज हुये हैं जिसमें सर्वाधिक 16 हरिद्वार, दूसरे स्थान पर 12 उधमसिंह नगर, तीसरे स्थान पर 6 नैनीताल तथा चौथे स्थान पर 3 देहरादून में दर्ज हुये हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Tanuja Joshi: हल्द्वानी की गुलमोहर गर्ल को व्यापार मंडल में मिली जिम्मेदारी

इसके अतिरिक्त पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी जिलों में 2-2 तथा अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, पौड़ी गढ़वाल जिलों में 1-1 दहेज हत्या का अपराध दर्ज हुआ है। केवल टिहरी गढ़वाल ही ऐसा जिला है जिसमें दहेज हत्या का कोई अपराध दर्ज नहीं हैं। वर्ष 2023 में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में 1 एसिड अटैक का अपराध भी दर्ज है। वर्ष 2023 में उत्तराखंड के सभी जिलों में दहेज उत्पीड़न के कुल 1016 अपराध दर्ज हुए हैं। इसमें सर्वाधिक 382 देहरादून जिले में, दूसरे स्थान पर 249 उधमसिंह नगर जिले में, तीसरे स्थान पर 203 हरिद्वार जिले तथा चौथे स्थान पर 110 नैनीताल जिले में दर्ज हुये है। इसके अतिरिक्त अल्मोड़ा में 11, बागेश्वर में 3, चम्पावत में 9, पौड़ी गढ़वाल में 15, पिथौरागढ़ मंें 13, टिहरी गढ़वाल में 15, उत्तरकाशी में 4 तथा चमोली और रूद्रप्रयाग जिलों में 1-1 दहेज उत्पीड़न का अपराध दर्ज हुआ है।

Ad