हल्द्वानी-अतिक्रमण तो हटेगा ही, पोल भी शिफ्ट होंगे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने दिए कार्यवाही के निर्देश

हल्द्वानी। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सोमवार को सिटी मजिस्टेªट एपी वाजपेई व नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ देर शाम काठगोदाम नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे गतिमान रोड चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्टेªट एपी वाजपेई ने बताया कि यह मार्ग चौड़ीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने धनराशि उपलब्ध कराई है। इस कार्य में आने वाले विद्युत पोलों की शिफ्टिंग के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड यूपीसीएल को पहले ही धनराशि स्थानांतरित कर दी गई है। अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को निर्देशित किया गया कि कल से पोल शिफ्टिंग के लिए नए पोलों की स्थापना शुरू कर दी जाए, और इसके बाद शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग भी पूर्ण की जाए। उन्होंने बताया कि मार्ग के बायीं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सीवर लाइन के लिए पिट बनाए जाने के स्थानों का चिन्हीकरण कल तक लोक निर्माण विभाग के साथ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मार्ग चौड़ीकरण में जमरानी खंड के एक अस्थाई निर्मित डॉम को भी हटाना है। परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल कर हटाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया मार्ग चौड़ीकरण के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को भी 25 मार्च तक हटाया जाएगा। इसके बाद मार्च माह के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण, लेबलिंग और ग्रेडिंग का कार्य शुरू किया जाएगा, और अप्रैल तक सड़क का डामरीकरण और अन्य निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिशासी अभियंता निर्माण खंड हल्द्वानी को दिए गए हैं। सिटी मजिस्टेªट एपी वाजपेई ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर मार्ग की सुविधा देना है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम एके कटारिया, लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।




