नैनीताल- ताऊ के बेटे को लाईसेंसी बंदूक से मारी गोली, गांव में दहशत

नैनीताल जनपद के धारी ब्लाक के बबियाड़ गांव में रविवार की शाम एक युवक ने ताऊ के बेटे को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली दाहिने हाथ व कमर में रगड़ खाते हुए निकल गई। घायल को उपचार के लिए डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टर के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। राजस्व पुलिस ने मामले में प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है। महेश चंद्र पुत्र विशन राम गांव में ही रहकर अपना काम करता है। अपने चाचा के बेटे से किसी बात को लेकर उसकी पुरानी रंजिश है।
अस्पताल में भर्ती महेश का कहना है कि बीते रविवार शाम वह अपने घर के बाहर बैठा था। इसी बीच चाचा का बेटा मनोज हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंच गया। मनोज ने पहले गालीगलौज की। उसने विरोध किया तो गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उसके दाहिने हाथ व कमर को रगड़ते हुए आगे निकल गई। गोली की रगड़ उसके शरीर पर साफ दिख रही है। मेडिकल चौकी पुलिस ने दर्ज किए बयान मेडिकल चौकी प्रभारी हरिराम ने बताया कि घायल डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के वार्ड जी में भर्ती है।
