अब ‘शैलेंद्र’ के सीने में धड़केगा ‘अब्दुल’ का दिल……

आज़ाद क़लम- अब्दुल अहमदाबाद के कच्छ में पान की दुकान चलाता था। उम्र 25 साल थी। कुछ दिन पहले वह स्कूटी से कहीं जा रहा था, उसी दौरान उसका एक्सीडेंट हो गया। वह बुरी तरह घायल हो गया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ दिन इलाज चला लेकिन डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
अस्पताल के मुताबिक, अब्दुल का ब्रेन डेड हो चुका था, लेकिन उसके शरीर का बाकी अंग काम कर रहे थे। डॉक्टरों को लगा कि उसके अंग किसी जरूरतमंद को दिए जा सकते हैं। उसी अस्पताल में 52 साल के बैंक कर्मचारी शैलेंद्र को हार्ट ट्रांसप्लांट की जरूरत थी। अस्पताल की काउंसिलिंग टीम ने अब्दुल के परिवार से बात की और बेटे के अंग डोनेट करने का प्रस्ताव पेश किया। अंगदान के बारे में समझाने पर वे मान गए, जिसके बाद अब्दुल का दिल शैलेंद्र के शरीर में ट्रांसप्लांट कर दिया गया।
अहमदाबाद के विधायक गयासुद्दीन शेख लंबे समय से अंग डोनेशन की मुहिम चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि रमजान के मुबारक महीने में यह बहुत बड़ा दिन है। गुजरात में शायद ऐसा पहली बार है जब किसी मुस्लिम शख्स ने अंगदान किया है। हम लंबे समय से परिवारों को अंगदान करने के लिए राजी कर रहे हैं। हमारी परंपरा में अंगदान को लेकर कुछ विपरीत मान्यताएं है लेकिन इस पहलकदमी से और लोग सामने आएंगे।
