हल्द्वानी के बनभूलपुरा में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पुनर्वास प्रक्रिया की कवायद शुरू, इन जगहों पर लगेंगे कैंप

हल्द्वानी। बनभूलपुरा के रेलवे अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्र, का रविवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की गई। निरीक्षण के बाद डीएम कैंप कार्यालय में बैठक कर पुनर्वास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ अतिक्रमण प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर विचार-विमर्श किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित लोगों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए 20 मार्च से 31 मार्च तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार यह कैंप रोजाना सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होंगे।
कैंप अतिक्रमण प्रभावित छह स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों को योजना से जुड़ी जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों के आवेदन भी लिए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में यह पहल की जा रही है ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। बैठक में सदस्य सचिव, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार मणि त्रिपाठी ने अवगत कराया कि हमारा प्रयास रहेगा कि इन 6 कैंप वाले स्थानों से अधिक से अधिक परिवारों तक हम पहुंच पाए और यह कोशिश करें कि कोई भी परिवार न छूटे और उन्हें इन पुनर्वास कैंपों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जिला प्रशासन नैनीताल के अनुसार लगभग 5300 से अधिक परिवार हैं, प्रयास रहेगा कि विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम तथा न्यायिक अधिकारियों टीम के साथ रेलवे और प्रशासन की टीम के साथ उन परिवारों तक पहुंच जाए और उनको इस योजना के बारे में बता पाएं जो पात्र व्यक्ति हैं उन तक इस योजना का लाभ पंहुचा जाए।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास रहेगा कि 31 मार्च तक कार्य पूरा कर न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत कर सकें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंगलवार से क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित पफॉर्म का वितरण विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला प्रशासन की टीम के माध्यम से घर घर जाकर वितरित किए जाएंगे। साथ ही कैंपों में भी पर्याप्त संख्या में यह आवेदन रखे जाएंगे। इसके साथ ही जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अवगत कराया कि इस कार्य में स्थानीय पार्षदों के अतिरिक्त सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से भी प्रचार प्रसार किया जाए। आवेदकों को पफार्मों का वितरण सुनिश्चित करते हुए, उनकी पात्राता की गहनता से जांच का कार्य भी समय पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी टीम फार्म वितरण से संबंधित सूचना पंजिका में अंकित करेंगे और मॉनिटरिंग भी लगातार की जाएगी।
बैठक में एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी, उप सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल पारुल थपलियाल, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, नगर निगम आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित वीसी के माध्यम से रेलवे के एडीआरएम मनोज कुमार, सुरक्षा प्रभारी पवन, बृजेश कुमार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
-रेलवे स्टेशन हल्द्वानी
-अंजुमन इस्लामिया बालिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय किदवई नगर।
-राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनभूलपुरा।
-राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बनभूलपुरा।
-राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा।
-मदरसा नैनीताल पब्लिक स्कूल बनभूलपुरा।




