आदेश जारी, आदमखोर बाघ को गोली मारने के लिए बाहर से बुलाए जाएंगे शिकारी

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। फतेहपुर रेंज में आतंक का पर्याय बन चुके बाघ को मारने का वन विभाग ने आदेश दे दिया है। मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक उत्तराखंड ने बाघ को मारने का आदेश दिया है। बाघ पिछले 3 महीने में 6 लोगों को निवाला बना चुका है। 3 दिन के भीतर बाघ द्वारा 2 महिलाओं को शिकार बनाए जाने से लोगों में आक्रोश है। बाघ के लगातार हमले के बाद स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को फतेहपुर रेंज के डीएफओ का घेराव किया।

मुख्य वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त दीप चंद्र आर्य ने बताया कि लगातार हो रही घटनाओं के बाद से विभाग द्वारा मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र लिखा गया जिसके बाद मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने बाघ को मारने का आदेश दे दिया है। बाघ को मारने के आदेश को तुरंत अमल में लाया जा रहा है। इसके लिए शिकारी को तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में बाघ द्वारा किए गए हमले में बाघ के मिले बाल का डीएनए टेस्ट भी कराया गया, जिससें पुष्टि हो गयी है कि हमला करने वाला बाघ ही है। उन्होंने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए कैमरा ट्रैप पिंजरा के अलावा प्रे क्लोजर की टीम भी पिछले 1 महीने से लगातार तलाश में जुटी हुई थी। लेकिन सफलता नहीं मिली। अब बाघ को मारने का आदेश दे दिया गया है। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में पिछले लंबे समय से बाघ दिखाई दे रहा था जिसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से भी की गई लेकिन विभाग ने इसे हल्के में लिया जिसकी परिणिति गत दिवस महिला पर हमले के रूप में हुई।

Ad