हल्द्वानी में पहाड़ी स्वाभिमान रैली कल, मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल के विरोध में उतरेगा पहाड़

हल्द्वानी। काबीना मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल और उनकी नीतियों के विरोध में कल यानि आज रविवार को हल्द्वानी में पहाड़ी स्वाभिमान रैली का आयोजन किया जाएगा। पहाड़ी स्वाभिमान रैली में कई संगठनों सहित हजारों लोग शामिल होंगे। यह बात पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने कही। शनिवार नैनीताल रोड स्थित एक कॉम्प्लेक्स में पत्रकार वार्ता करते हुए करते हुए पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि राज्य विरोधी मानसिकता के खिलाफ यह रैली एक बड़े आंदोलन की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा देवभूमि में ऐसे लोगों की कोई जरूरत नहीं है, जो पहाड़ की अस्मिता, संस्कृति और संसाधनों से छेड़छाड़ करते हों। अब पहाड़ की जनता सड़कों पर उतरेगी और हिसाब मांगेगी।
यूकेडी के नेता सुशील उनियाल और राज्य आंदोलनकारी संगठन के जिला अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने कहा राज्य के निर्माण में हमारे लोगों ने बहुत कुछ खोया है। अब हम प्रेमचंद्र अग्रवाल और महेंद्र भट्ट जैसे लोगों की गंदी मानसिकता का बहिष्कार करेंगे। समाजसेवी और क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, वंदेमातम ग्रुप के अध्यक्ष व पार्षद शैलेंद्र दानू, एकम दल भारत के भगवंत राणा, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु, युवा एकता मंच के पीयूष जोशी और आरंभ संस्था के राहुल पंत ने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी, क्योंकि पहाड़ की जनता का सब्र अब टूट चुका है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी स्वाभिमान रैली कल यानि आज रविवार को तिकोनिया स्थित बुद्धपार्क से आरंभ होगी जो कमिश्नर कार्यालय तक जायेगी। इस रैली में उत्तराखंड क्रांति दल, राज्य आंदोलनकारी संगठन, एकम सनातन दल, महिला मंच, भैरव सेना, देवसेना संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, अधिवक्ता संगठन, युवा एकता मंच, स्वराज हिंदू फौज, छात्र संगठन, व्यापार संगठन, वंदे मातम ग्रुप और आरंभ संस्था सहित दर्जनों संगठनों का समर्थन प्राप्त है। पत्रकार वार्ता में विनोद शाही, अर्जुन बिष्ट, कमल जोशी, पीयूष जोशी, मोहन कांडपाल, भगवंत राणा, कमलेश खंडूरी, कमलेश जेठी और विनोद नेगी मौजूद रहे।
