एसएसपी के निर्देश पर बनभूलपुरा में पुलिस का चैकिंग अभियान, 30 ऑटो-ई रिक्शा जब्त, 36 चालकों पर कार्रवाई

हल्द्वानी। महानगर के बनभूलपुरा क्षेत्र में नियमों को ताख पर रखकर विगत लंबे समय से धड़ल्ले से ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन किया जा रहा है। जिसपर आखिरकार पुलिस ने संज्ञान लेते हुए शिकंजा कस ही दिया है। बता दें कि बनभूलपुरा में धड़ल्ले से ऑटो रिक्शा का संचालन होता है। यहां पर कम उम्र के लड़के तक अपना खर्चा चलाने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा चलाते देखे जाते हैं और इसी वजह से आए दिन यहां पर दुर्घटनाएं होती हैं और लोग न सिर्फ चोटिल होते हैं बल्कि कई लोग अपनी जान तक गंवा चुके हैं।
रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद मीणा के निर्देश पर थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में वृहद चैकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना था। अभियान के दौरान थाना बनभूलपुरा के थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी पुलिस टीम और पीएसी द्वारा शहर के प्रमुख क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इसमें चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, केमू स्टैंड, इंदिरा नगर, रजा गेट, और लाइन नंबर 17 सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने 30 ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा को जब्त कर लिया। ये वाहन चालक न तो अपनी निर्धारित वर्दी में थे, न ही उन्होंने आवश्यक आईकार्ड पहने हुए थे। इसके अलावा इन चालकों ने वाहन का सत्यापन भी नहीं कराया था और कुछ चालकों ने तो निर्धारित रूट से हटकर वाहन चलाने की भी आदत बनाई थी।
पुलिस ने इन ग़ैर-जिम्मेदार चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। 36 चालकों पर विभिन्न उल्लंघनों के आरोप में 18,000 रुपए का संयोजन शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही, 04 चालकों के खिलाफ कोर्ट चालान भी किए गए, ताकि यातायात नियमों के पालन को सख्ती से सुनिश्चित किया जा सके।
थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने कहा कि यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए बेहद जरूरी थी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि शहर में ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके।
अभियान के दौरान पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी, उप निरीक्षक सुशील जोशी, उप निरीक्षक निधि शर्मा, उप निरीक्षक मोनी टम्टा और अपर उप निरीक्षक हेमंत कुमार शामिल थे। इन पुलिसकर्मियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत की और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
