haldwani–एमबीपीजी कॉलेज में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पंजीकरण कार्यशाला

विद्यार्थियों को रोज़गार के नए अवसरों से अवगत कराया
हल्द्वानी। एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को उत्तराखंड शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के क्रम में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल पर पंजीकरण हेतु महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना और उन्हें पोर्टल पर पंजीकरण की बारीकियों से अवगत कराना रहा। इस मौके पर विद्यार्थियों को उनकी रुचि और विषयों के अनुसार जिला-वार इंटर्नशिप चयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत अब स्नातक अंतिम वर्ष में पारंपरिक लघु शोध के स्थान पर इंटर्नशिप को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं के पंजीकरण के लिए विभागवार प्राध्यापकों को जिम्मेदारी सौंपी है। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने कहा कि इंटर्नशिप भविष्य के निर्माण में एक मजबूत नींव की तरह है। विद्यार्थियों को इस सरकारी पहल का अधिकतम लाभ उठाकर अपने करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहिए। कार्यशाला के दौरान आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. सीएस नेगी ने युवाओं के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सृजित नए अवसरों पर प्रकाश डाला। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक और पंजीकरण प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी ने पंजीकरण प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से निष्पादित करने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।




