17 साल से छात्राओं का यौन शोषण कर रहा था प्रोफेसर रजनीश, गिरफ्तार

हाथरस के पीसी बागला डिग्री कॉलेज के अनुशासन अधिकारी और भूगोल विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रजनीश कुमार को पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया। 17 साल से वह अपने पद का दुरुपयोग कर छात्राओं और युवतियों का यौन शोषण करता था। नौकरी, अच्छे अंक और डर का लालच देकर वह कॉलेज व घर पर उनका दुष्कर्म करता था, अश्लील वीडियो बनाता और वायरल करता था। पुलिस ने उसके पास से लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए।
13 मार्च को एक पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। वीडियो सबूतों से पुष्टि हुई कि रजनीश ने कॉलेज और घर पर कई छात्राओं का शोषण किया। थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों को जांच और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। 19 मार्च की रात प्रयागराज के सिविल लाइन से उसे गिरफ्तार किया गया। वह अग्रिम जमानत के लिए भागा था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि 2008 में उसने रिश्ते के लिए आई युवती का शोषण कर वेबकैम से रिकॉर्डिंग की, जिसके बाद उसने यह योजना बनाई। उसने कॉलेज में छात्राओं और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का भी शोषण किया। 2019 में उसने कॉलेज में पहली बार कर्मचारी का शोषण किया। वह मोबाइल और लैपटॉप में सॉफ्टवेयर से गुप्त वीडियो बनाता था, स्क्रीन बंद होने पर भी कैमरा चलता रहता था। वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
रजनीश की शादी 1996 में हुई, संतान न होने से पत्नी से संबंध खराब थे। 1999-2009 के बीच पत्नी से विवाद के दौरान उसने छात्राओं को घर बुलाकर शोषण किया। वह पॉर्न साइट्स पर वीडियो अपलोड कर कमाई भी करता था। पुलिस ने चार वीडियो और 17 फोटो में 9 छात्राओं व अन्य की पहचान की। दुष्कर्म सहित कई धाराओं में उसे जेल भेजा गया। लैपटॉप और मोबाइल की फोरेंसिक जांच जारी है। बैंक खातों की भी जांच होगी। मुकदमा दर्ज होने पर वह हुलिया बदलकर प्रयागराज भागा था।


