बेटी ने दिखाई बहादुरी, नशे में लड़खड़ा रहे दूल्हा समेत बारात बैरंग लौटाई

कोटद्वार। वो दिन गए जब बेटियां खामोश रहकर सबकुछ सहन करती थीं और बेटी वालों को भी बहुत कुछ सहन करना पड़ता था। अब वो दिन हैं जब बात मान-मर्यादा और जिन्दगी की आ जाए तो बेटियां देहली पर पहुंची बारात को बैरंग लौटा सकती हैं। उत्तराखंड में कोटद्वार के झंडीचौड़ क्षेत्र में मंगलवार को आई एक बरात को तब बैरंग वापस लौटना पड़ा, जब दूल्हे के नशे में धुत होने के कारण दुल्हन ने विवाह से साफ इनकार कर दिया।
यह बरात एकेश्वर ब्लाक के नौगांवखाल क्षेत्र आई थी। दुल्हन के इस निर्णय की क्षेत्र में सर्वत्र सराहना हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरात जब झंडीचौड़ दुल्हन के घर पहुंची तब दूल्हा नशे में धुत था। वह बरात स्वागत के दौरान ही ऊल-जूलूल हरकत करने लगा। बावजूद इसके दुल्हन पक्ष ने बरात का स्वागत किया और दूल्हे को सम्मान के साथ विवाह मंडप में ले जाया गया। पूजन कार्यक्रम के बाद वरमाला की तैयारी होने लगी। इस बीच दुल्हन भी स्वजन व सखियों के साथ वरमाला लेकर विवाह मंडप में पहुंच गई। बताया गया कि मंडप में जब दुल्हन ने दूल्हे को नशे में लड़खड़ाते देखा तो शादी करने से ही इनकार कर दिया।
