फिर ताज़ा हुई हाथरस कांड की याद, उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म पीड़िता का आधी रात को पुलिस ने जबरदस्ती कर दिया अंतिम संस्कार…

हाथरस कांड याद होगा आपको। जब पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद आधी रात को जबरन शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। अब एक और वैसा ही मामला उत्तर प्रदेश में सामने आया है। यहां संभल जिले के कुढ़फतेहगढ़ थाना इलाके के एक गांव में पुलिस ने परिजनों के विरोध के बावजूद रात करीब एक बजे दुष्कर्म पीड़िता का अंतिम संस्कार कर दिया। इससे पहले गांव में भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। ग्रामीणों को एकत्र नहीं होने दिया। बुधवार की दोपहर कुढ़फतेहगढ़ थाना इलाके के एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने और पुलिस द्वारा समझौते का दबाव बनाने पर फंदे पर लटककर जान दे दी थी।
पोस्टमार्टम के बाद रात करीब 11 बजे किशोरी का शव गांव पहुंचा। गांव में पहले से ही चंदौसी, कुढ़फतेहगढ़, बनियाठेर सहित अन्य थानों की पुलिस मौजूद थी। सीओ चंदौसी दिनेश कुमार ने परिजनों से रात में ही किशोरी का अंतिम संस्कार कराने की बात कही। पर परिजनों ने इंकार कर दिया। ग्रामीण एकत्र ना हो इसके लिए गली मोहल्लों में जगह-जगह पुलिस तैनात रही। परिजनों के विरोध के बावजूद पुलिस ने रात करीब एक बजे उसका अंतिम संस्कार करा दिया। हद तो तब हो गयी जब इस दौरान ग्रामीणों को चिता के आसपास के भी नहीं आने दिया। पुलिस ने इसकी भी निगरानी रखी कि कोई चिता का फोटो और वीडियो न बनाए। उत्तर प्रदेश की पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है।


