uttarakhand whether–कल कुमाऊं के इन इलाकों में हिमपात का अलर्ट जारी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल शनिवार को तेज हवा के साथ बादलों से घिरी रही। आज मौसम ने रंग में भंग नहीं डाला और होली मनाने का भरपूर मौका दे दिया। वहीं मौसम विभाग की माने तो रविवार को पिथौरागढ़, चमोली व बागेश्वर में भारी बारिश व ऊंची चोटियों में हिमपात की चेतावनी जारी की है। इस दौरान नगर में सुबह के समय तेज हवाएं रफ्तार के साथ चल रही थी। साथ ही घने बादल आसमान में डेरा डाले हुए थे। देर रात्रि नगर में बारिश का भी दौर रहा। लेकिन होली के दिन रंग चढ़ने के साथ ही हवाओं का वेग धीमा हो गया और होली का रंग चढ़ना शुरू हो गया।
वहीं दिन में कभी धूप तो कभी छांव के साथ आसमान में बादल नजर आए। जिसके चलते मौसम सामान्य बना रहा। इधर मौसम विभाग ने मंगलवार तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। जिनमे कुछ जिलों में ठंडर स्टोर्म का प्रभाव रहेगा। हवाएं 13 किमी प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं। जिसके चलते अंधड़ की संभावना जताई गई है। राज्य मौसम विभाग देहरादून के निदेशक डा. बिक्रम सिंह के अनुसार पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली में भारी बारिश की संभावना जताई है। जबकि 3200 मीटर से ऊपरी हिस्सों में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की है। ऊंची चोटियों की सैर पर जाने वाले सैलानियों से सावधानी बरतने को कहा है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 85 व न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।
