जरायम के एक दौर का अंत….एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत, गोली लगने के तीन दिन बाद तोड़ दिया दम

ख़बर शेयर करें -

कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान आज मौत हो गई। वह तीन दिन पहले लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर अज्ञात बदमाशों द्वारा पुलिस वाहन पर की गई फायरिंग में घायल हो गया था। उसकी सीने, हाथ और गले में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में एम्स रेफर किया गया था। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने उसकी मौत की पुष्टि की।

घटना बुधवार को दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर हुई। विनय त्यागी, जो रुड़की कारागार में बंद था, धोखाधड़ी के मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए आ रहा था। इस दौरान जाम में फंसी पुलिस की टाटा सूमो गाड़ी को रोकते ही दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक पर सवार होकर पुलिस वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी और वह मौके पर ही गिर गया। हालांकि, पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन दो को चोटें आईं। बदमाश गोली चलाने के बाद भीड़ में घुसकर भागने में सफल रहे।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का ड्रीम प्रोजेक्ट संकट में, सौर स्वरोजगार योजना के लाभार्थी बैंक किस्तों में फंसे

घायल विनय त्यागी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटना के अगले दिन दोनों शूटरों को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सन्नी यादव और अजय ने स्वीकार किया कि पैसों के लेन-देन के विवाद के चलते उन्होंने विनय त्यागी को जान से मारने की साजिश रची थी। दोनों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनका आपराधिक इतिहास रहा है।

Ad