हल्द्वानी-संदेह के दायरे में स्मार्टमीटर, ग्राहक के होश फाख्ता हो गए एक महीने का बिल देखकर

हल्द्वानी। नगर निगम के वार्ड संख्या 43 अरावली वाटिका छड़ायल निवासी हंसा दत्त जोशी के घर महीने भर पहले स्मार्ट मीटर लगाया गया था। लेकिन जब उन्हें हाल ही में बिल मिला, तो उनके होश उड़े गए। यह बिल महज कुछ हजार रुपये का नहीं था, बल्कि एक चौंका देने वाली राशि 46 लाख 60 हजार 151 रुपये का था।
इस बिल को देख हंसा दत्त जोशी ने तुरंत ऊर्जा निगम से संपर्क किया और अपनी शिकायत दर्ज कराई। जोशी ने बताया कि एक महीने पहले एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों ने उनके घर पर आकर स्मार्ट मीटर लगाया था। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन माध्यम से बिजली का बिल प्राप्त हुआ, जो इतनी बड़ी राशि का था कि वे हैरान रह गए।
जोशी ने मामले की शिकायत ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ऊर्जा निगम के दफ्तर में की, जहां से उन्हें हीरानगर स्थित कार्यालय भेजा गया।
हीरानगर स्थित कार्यालय के अधिकारियों ने उन्हें जल्द ही बिल में सुधार करने का आश्वासन दिया है। यूपीसीएल ग्रामीण डिविजन हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह ने इस मामले में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उपभोक्ता के पुराने मीटर में कुछ तकनीकी कमी थी, जिसके कारण बिल इतनी बड़ी राशि का आया।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह सही तरीके से काम कर रहा है और उपभोक्ता के बिल में सुधार कर दिया गया है। अब अगले महीने से उपभोक्ता को सही बिल प्राप्त होगा। वहीं स्मार्टमीटर के बिल का यह मामला स्थानीय लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर खूब उछाला जा रहा है साथ ही स्मार्ट मीटरों पर भी सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं।


