उत्तराखण्ड में चावल की खुशबू से महकी राजनीति….कट्टा लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राजनीति से ऊपर उठकर आत्मीयता और परंपरा का संदेश दिया। कुछ माह पूर्व जिस खेत में उन्होंने स्वयं हल चलाकर धान की फसल तैयार की थी, उसी फसल से निकले चावल उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भेंट किए।
मुख्यमंत्री धामी डिफेंस कॉलोनी स्थित पूर्व सीएम हरीश रावत के आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने अपने खेत में उत्पादित चावल उन्हें सौंपे। उल्लेखनीय है कि खेत में हल चलाने और धान की रोपाई के समय हरीश रावत ने इस पर सियासी तंज कसा था, लेकिन आज वही प्रसंग सौहार्द और सम्मान की मिसाल बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भेंट उत्तराखंड की कृषि परंपरा, किसानों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मानवीय रिश्ते और सांस्कृतिक मूल्यों की खुशबू हमेशा बनी रहनी चाहिए।
इस मुलाकात ने जहां सियासी तल्खियों को नरम किया, वहीं खेत की खुशबू के साथ राजनीति में आत्मीयता का संदेश भी दिया।



