उत्तराखंड- भाजपा संगठन और धामी कैबिनेट में बड़े बदलाव की संभावना, फैसले की घड़ी नजदीक

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट में जल्द बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के बाद सीएम धामी का दिल्ली प्रवास और वहीं रुकने, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के बयान, इन सबने यह साफ संकेत दिया है कि जल्द ही पार्टी में बदलाव होने जा रहे हैं।
भट्ट ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा कि कैबिनेट विस्तार अब तय है और इस बार उन्होंने इसे बड़े जोर से कहा। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री इस पर जल्द निर्णय लेंगे। यह बयान ऐसे समय में आया है जब सीएम धामी दिल्ली में हैं और उनके वहां शनिवार तक रुकने की संभावना है।
अनिल बलूनी ने भी यह बताया कि उन्होंने पार्टी फोरम पर मजबूती से अपनी बात रखी है, जिससे संकेत मिलते हैं कि पार्टी में कोई बड़ा निर्णय लिया जाने वाला है। सीएम का दिल्ली में रुकना और केंद्रीय नेताओं से प्रस्तावित मुलाकातों को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि यह मसला सिर्फ कैबिनेट विस्तार तक सीमित नहीं होगा, बल्कि कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व को राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष और मुख्य सचिव के नियुक्ति पर भी निर्णय लेना है। पार्टी के भीतर से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इन सभी बदलावों के लिए अब यह सबसे उपयुक्त समय माना जा रहा है।
