झूठी आपत्तियों का सहारा लेकर “कुछ क्षेत्रों” में मतदाताओं के नाम कटवाए जा रहे हैं—सपा के प्रदेश प्रभारी मतीन सिद्दीकी ने देहरादून से चुनावी बिगुल फूंक दिया

हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने भी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ेगी और इसके लिए अभी से संगठन को सक्रिय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
सिद्दीकी ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों को चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा बताते हुए कार्यकर्ताओं से विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में झूठी आपत्तियां लगाकर लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मामलों की जानकारी जुटाने, लोगों को जागरूक करने तथा जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश की मौजूदा सरकारों के प्रति जनता में नाराजगी है और 2027 के चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव को अभी से गंभीरता से लेते हुए संगठन को हर स्तर पर सक्रिय किया जाए। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा को बड़ा राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा और समाजवादी पार्टी मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
बैठक के अंत में सुमन देवी को हरिद्वार से सैफई (इटावा) तक पैदल पीडीए कांवड़ ले जाने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी, आभा बर्थवाल, आरके पाठक, अतुल शर्मा, संदीप नेगी, महिपाल यादव, आरिफ वारसी, अतुल यादव, हेमा बोरा, नासिर मंसूरी, सुमन देवी, रघवीर मेहता समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




