भारी हंगामा-राजकुमार ठुकराल समेत कांग्रेसी पुलिस हिरासत में, CM को ज्ञापन देने जा रहे थे..

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जिला मुख्यालय दौरे के दौरान रुद्रपुर में सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिटी क्लब के पास हिरासत में ले लिया।
पूर्व विधायक ठुकराल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति से उन्हें अवगत कराने की तैयारी में थे। इसी दौरान मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने उन्हें घेर लिया और ठुकराल समेत कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश पंत, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, दिनेश कोली, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा और सुनील चुघ समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन से ले जाया गया।
पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई को लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि जिला अस्पताल की गंभीर समस्याओं का मुद्दा उठाने और जनता की आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल लंबे समय से गंभीर अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है और मरीजों को बेहतर इलाज के बजाय रेफर किए जाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
ठुकराल ने चिकित्सकों की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समय पर उपचार न मिलने से मरीजों और उनके परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू न होने को लेकर भी उन्होंने सरकार से सवाल किए।
इस पूरे घटनाक्रम ने रुद्रपुर की राजनीति में एक बार फिर सरकार बनाम विपक्ष की तस्वीर सामने ला दी है। एक तरफ कांग्रेस स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सड़क से सत्ता तक आवाज उठाने का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं की हिरासत ने राजनीतिक टकराव को और धार दे दी है।
ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी और लोकतांत्रिक तरीके से स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, हिरासत की कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश साफ नजर आया।




