तमन्ना हनीफ कुमाऊं मंडल के वक्फ अधिकरण में द्वितीय सदस्य नामित, राज्यपाल ने दी मंजू़री

नैनीताल। उत्तराखंड शासन ने कुमाऊं मंडल के वक्फ अधिकरण में महत्वपूर्ण नियुक्ति को मंजूरी देते हुए तमन्ना हनीफ को द्वितीय सदस्य पद पर नामित कर दिया है। बता दें अल्पसंख्यक कल्याण अनुभाग के विशेष सचिव डा. पराग मधुकर धकाते ने स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति वक्पफ अधिनियम-1995 (यथा संशोधित) की धारा 83 और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड नियम 2017 के नियम 65(3) के तहत पूरी प्रक्रिया के बाद की गई है। चयन समिति ने तमन्ना हनीफ के नाम की संस्तुति भेजी थी जिस पर राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकृति दी है।
अधिसूचना के अनुसार अधिवक्ता तमन्ना हनीफ को हल्द्वानी स्थित वक्फ अधिकरण कुमाऊं मंडल नैनीताल में द्वितीय सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से तीन वर्ष तक निर्धारित किया गया है हालांकि यदि वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 के तहत प्रस्तावित नए नियम पहले प्रख्यापित हो जाते हैं तो उनकी नियुक्ति अवधि उन्हीं नए प्रावधानों के अनुसार तय होगी। पद से संबंधित वेतन और भत्तों का आदेश शासन बाद में अलग से जारी करेगा। उनकी नियुक्ति पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट, महासचिव संजय सुयाल समेत ओमकार गोस्वामी, शरद चंद्र साह, ललित रावत, तस्लीम सलमानी, मोहम्मद अनीस, मुकुल लोहनी, दिव्यांशु साह, विक्रम भंडारी, हिरदेश कुन्याल, रिंकी अंसारी, कैलाश जोशी, भुवन जोशी, शिवांशु जोशी आदि अधिवक्ताओं ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।




