हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में मैच रद्द, हज़ारों रुपये का टिकट खरीदने वाले दर्शकों का हंगामा

उत्तराखण्ड में हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में आज से शुरू हो रही क्रिकेट प्रतियोगिता स्थगित होने से दर्शक भड़के। आयोजक ने बताया कि उनके पार्टनर का हार्ट फेल होने के कारण मैच मंगलवार या बुधवार को खेला जाएगा।
हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम गौलापार में एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग(EVCL)का आयोजन किया जा रहा है। पहला मैच ऊत्तराखण्ड सोल्जर्स और दिल्ली नाइट्स के बीच खेला जाना था। ओपनिंग में लोक गायक राकेश खनवाल, कैलाश कुमार, रागनी ग्रुप, हर्षिता कोहली, अंकित कुमार की प्रस्तुति रखी गई थी। प्रतियोगिता में मसूरी किंग्स, यू.पी.वारियर्स, हल्द्वानी टाइगर्स, दिल्ली नाइट्स, ऊत्तराखण्ड सोल्जर्स और वाराणसी वाइपर्स के बीच मुकाबले होने हैं।
आयोजक विकास ढाका ने बताया कि दिल्ली निवासी उनके बड़े पार्टनर प्रमोद सिंह की आज दिल्ली से हल्द्वानी निकलते समय हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। इस कारण शोक के चलते मैच को स्थगित किया गया है। उन्होंने बताया कि मैच कल या बुधवार को खेला जाएगा। जिन दर्शकों ने टिकट खरीदे हैं उन्हें अगले मैच में एडजेस्ट किया जाएगा।
गेट में एंट्री से रोके गए दर्शक शरद अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने ₹7500/= के 5 टिकट खरीदे हैं, वो मैच देखने आए थे लेकिन न तो मैच हुआ और न ही आयोजक टिकट के रुपये लौटा रहे हैं। उन्हें कल आउट ऑफ स्टेशन जाना है और वो मैच नहीं देख पाएंगे। आयोजकों ने शाम 5:40 पर उन्हें टिकट बेचा है। स्टेडियम के मुख्य गेट पर देर शाम तक हंगामा होते रहा।




