नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, एहतियातन सघन तलाशी

नैनीताल की डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। आज धमकी भरा मैसेज जिला जज की आधिकारिक मेल पर आया है।
पुलिस और डॉग दस्ते पड़ताल की जा रही है। इस धमकी में 11.15 का समय दिया गया है।
धमकी भरा ईमेल सुबह 7.11 बजे प्राप्त हुआ। संदेश में आरडीएक्स और आईईडी लगाने का दावा करते हुए अदालत परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई है।
मेल में सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती देने जैसी भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वॉड और खुफिया टीमें अदालत परिसर पहुंच गईं। पूरे परिसर को एहतियातन खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर अदालत परिसर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



