हल्द्वानी की गल्ला मंडी में हुए डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस कांफ्रेंस में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि जघन्य हत्याकांड में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

12 फरवरी 2026 की सुबह बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। प्रथम दृष्टया दोनों की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई थी। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा (अल्मोड़ा) और लक्ष्मी पोखरिया (ओखलकांडा, नैनीताल) के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  खड़गे के मंच शुद्धिकरण की होगी जांच, नड्डा ने जताया दुख...हल्द्वानी से दिल्ली तक गरमाई सियासत

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर सहित सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान लक्ष्मी से छेड़खानी की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या की और फिर राज खुलने के डर से लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand हाईकोर्ट हल्द्वानी शिफ्टिंग को लेकर नैनीताल से बड़ी खबर

मुख्य आरोपी गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है, जिस पर पूर्व में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट भी शामिल है। दीपेश लटवाल पर भी एनडीपीएस समेत कई मामले दर्ज हैं।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए सख्त संदेश दिया कि समाज में ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

तेजी, तकनीकी दक्षता और सतर्कता के साथ हल्द्वानी पुलिस ने एक जघन्य अपराध का त्वरित खुलासा कर स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad