शुएब अहमद उत्तराखंड अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष बने

हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त शोएब अहमद ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। जारी कार्यभार प्रमाणक के अनुसार उन्होंने 28 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न में पदभार संभाला। शासन के सचिवालय अनुभाग की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में उन्होंने यह जिम्मेदारी ग्रहण की। कार्यभार प्रमाणक पर विशेष सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण के प्रतिहस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
शोएब अहमद हल्द्वानी के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल हैं और लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। उनके उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष बनने और कार्यभार संभालने से समर्थकों और अल्पसंख्यक समाज में खुशी का माहौल है।
उपाध्यक्ष के रूप में शोएब अहमद की जिम्मेदारी परिषद के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के हुनर, कौशल और रोजगार से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने की रहेगी। परिषद के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं और हुनरमंद लोगों को कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से जुड़े कार्यों पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।




