कल 23 सितंबर को नैनीताल के स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित

नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन और ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन को लेकर नैनीताल नगर में 23 सितंबर को श्रद्धा और आस्था का माहौल रहेगा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने से शहर में यातायात दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
डीएम के आदेश के मुताबिक 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों में अवकाश रहेगा। यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
महोत्सव के समापन पर भव्य शोभायात्रा निकलेगी और मां नंदा-सुनंदा के डोले का धार्मिक विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।



