मुकेश बोरा की एक और पहल लाई रंग, 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को मिली बड़ी राहत

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है। बरसात, दैवीय आपदा की परिस्थितियों और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े, इसके लिए मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र लिखकर 14 सितंबर को पशु आहार की दरों में वृद्धि के संबंध में जारी आदेश पर पुनर्विचार कर समाधान का आग्रह किया था। इस दौरान मुकेश बोरा ने बताया कि पशुपालकों की परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 14 सितंबर को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि एवं अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है।
इस निर्णय से नैनीताल जिले के करीब 34 हजार तथा पूरे प्रदेश के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि पशुपालकों की इसी चिंता को देखते हुए उन्होंने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के समक्ष मामला रखा और दरों में वृद्धि संबंधी आदेश पर पुनर्विचार कर समाधान का आग्रह किया। मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। इससे प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को तत्काल राहत मिली है। मुकेश बोरा ने पशुपालकों के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पशु आहार की बढ़ी दरों का आदेश स्थगित होना दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के लिए बड़ी राहत है।




