उत्तराखंड में ‘हनुमान अंश’ टैक्स फ्री, धामी सरकार का बड़ा फैसला

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। आध्यात्मिकता, भक्ति और सेवा की प्रेरणादायी कहानी को पर्दे पर उतारने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद अब राज्य सरकार ने इसके लिए औपचारिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा यूएफडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने इस संबंध में आयुक्त राज्य कर को पत्र जारी किया है।

सरकार के निर्णय के तहत मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन पर राज्य के भीतर देय एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति सरकार की ओर से की जाएगी। इसका सीधा लाभ अब दर्शकों को मिलेगा।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कहानी आध्यात्मिक संत नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में लक्ष्मण दास के उस सफर को दिखाया गया है, जो आगे चलकर नीम करौली बाबा के रूप में लाखों लोगों की आस्था का केंद्र बने। साधारण जीवन से आध्यात्मिक साधना, भक्ति, सेवा और मानव कल्याण की ओर बढ़ती उनकी यात्रा फिल्म की कहानी का प्रमुख आधार है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani--गिरिजा शंकर जोशी को पत्रकारों, प्रशासनिक अफसरों की भावपूर्ण श्रद्धांजलि, सीएम धामी ने बताया अपूरणीय क्षति

फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। नीम करौली बाबा की भूमिका शोभिनव सत्या ने निभाई है, जबकि चंदन के. आनंद डॉ. राम नंदन भोसले के किरदार में नजर आते हैं। फिल्म में पूर्णिमा तिवारी और अनिल रस्तोगी सहित अन्य कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

गीतों ने भी छुआ दर्शकों का दिल
फिल्म की लोकप्रियता में इसके संगीत की भी अहम भूमिका रही है। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘पार्वती’ जैसे गीतों को दर्शकों से खासा प्यार मिला है। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को 25 वर्षीय नेत्रहीन गायक सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है। गीतों की लोकप्रियता ने फिल्म की भावनात्मक अपील को और मजबूत किया है।

यह भी पढ़ें 👉  कांग्रेस के अहम पदों से हरीश रावत का इस्तीफा...ED की रेड के बाद पूर्व CM हरीश रावत का बड़ा फैसला!

शुरुआत में महज 10 लाख रुपये की कमाई से सफर शुरू करने वाली इस फिल्म ने बाद में दर्शकों के बीच ऐसा जुड़ाव बनाया कि इसकी रफ्तार लगातार बढ़ती गई। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक फिल्म भारत में 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का आंकड़ा पार कर चुकी है और सिनेमाघरों में इसकी पकड़ बनी हुई है।

उत्तराखंड सरकार का टैक्स-फ्री फैसला ऐसे समय आया है जब फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति और सेवा के संदेश को बड़े पर्दे के जरिए दर्शकों तक पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री धामी ने भी फिल्म को उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाला माध्यम बताया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad