हाई कोर्ट से अब्दुल मलिक को नहीं मिली ज़मानत, अब इस तारीख को होगी सुनवाई

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने हल्द्वानी के चर्चित बनभूलपुरा कांड के मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक की जमानत याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने वीरवार को भी उन्हें कोई राहत नहीं देते हुए अगली सुनवाई हेतु 16 अप्रैल की तिथि नियत की है। बता दें बीरवार को मामले की सुनवाई न्यायमूर्ती आलोक कुमार वर्मा और न्यायमूर्ती आलोक महरा की खंडपीठ में हुई। कोर्ट ने सरकार और आरोपी के अधिवक्ता से पूछा है कि इनके खिलाफ जो अन्य सात मुकदमे हैं, उनकी वर्तमान स्थिति क्या है, कितने केसों में बरी हो चुके और कितने विचाराधीन हैं कोर्ट को बताएं। वीरवार को हुई सुनवाई पर राज्य सरकार की तरफ से कोर्ट को अवगत कराया कि जांच के दौरान इनके खिलाफ इन केसों के अलावा अन्य सात मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है। कई मामलों में ये बरी हो चुके हैं। कुछ का पता अभी नहीं चल सका है जिसपर कोर्ट ने सभी केसों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराने को कहा है।



