गर्दन के दर्द का इलाज कराने ‘पहलवान’ के पास पहुंची महिला जान से हाथ धो बैठी!

हल्द्वानी। गर्दन के दर्द का इलाज कराने हकीम (पहलवान) के पास पहुंची 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मालिश करने के बाद हकीम ने महिला की गर्दन को जोर से हिला दिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले चार-पांच माह से दर्द था। उसका उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को लोगों के कहने पर वह पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक हकीम के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे।
रामचंद्र के अनुसार, हकीम ने पहले मीनाक्षी की गर्दन की मालिश की। इसके बाद उसकी गर्दन को जोर से हिला दिया। आरोप है कि इसके बाद मीनाक्षी की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के अभिलेखों में महिला को ब्रॉट डेड (मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचना) दर्ज किया गया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के समीप नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया। विभागीय टीम जब मौके पर पहुंची तो दुकान बंद मिली। बताया गया है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने की शिकायत सामने आई थी।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट के निर्देश पर अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले से संबंधित जानकारी जुटाई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बेस अस्पताल पहुंची और महिला की मौत से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी ली।
सीएमओ ने जिले में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले लोगों और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों को ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।



