राख होते निशानात…….नैनीताल में ब्रिटिशकाल की एक और इमारत में लगी आग

नैनीताल। नैनीताल में जाड़ा खत्म होने के साथ ही एक आग की घटना ने रविवार को एक और ब्रिटिशकालीन भवन की स्वाहा कर दिया। नगर के सात नंबर क्षेत्र स्थित ग्लैनमोर कोठी भी आग की भेंट चढ़ गई। गनीमत रही कि भवन स्वामी घर पर नहीं थे। दमकल विभाग व क्षेत्रवासियों की कड़ी मेहनत के बावजूद कोठी जलकर राख हो गई। अग्निकांड में लाखों का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
बता दें कि नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ओल्ड लंदन हाउस में बीते 27 अगस्त 2025 को अग्निकांड के चलते 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। जिसके बाद वहां दोबारा आग लगने की भी घटना हुई। जिसके बाद 9 दिसंबर 2025 को मल्लीताल चीना बाबा चौराहा स्थित दो मंजिला भवन में लगी भीषण आग की चपेट में आकर 15 कमरे जलकर राख हो गए। अब रविवार को सात नंबर क्षेत्र स्थित ब्रिटिशकालीन ग्लैनमोर कोठी में आग लग गई।
अंग्रेजों के जाने के बाद इस कोठी में शहर के कई लोग रह रहे थे, बीते चार दशक से ललित तिवारी व उनकी पत्नी चंद्रा तिवारी यहां निवारत थे। बीते दिनों दोनों ही अपने बेटे से मिलने के लिए गुरुग्राम गए हुए थे। रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे वह घर के समीप पहुंचे ही थे कि क्षेत्रवासियों ने उन्हें घर से धुंआ निकलने की सूचना दी। आनन फानन में ललित तिवारी घर पहुंचे तो घर के अंदर से धुंआ निकल रहा था। उन्होंने घर का कमरा खोला तो अंदर आग की लपटे उठ रही थी। इस बीच क्षेत्र में उठता धुंआ देख लोगों का जमावड़ा भी लग गया। लोगों ने आनन फानन भीतर रखा बिस्तर तथा गैस सिलिंडर व कुछ और सामान बाहर निकाला लेकिन हवा के चलते आग और बढ़ गई। देखते ही देखते आग ने कोठी को चपेट में ले लिया।
सूचना पर दमकल विभाग के साथ ही पुलिस व एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल की ओर से तीन फायर टेंडर से आग में पानी की बौछार की लेकिन तब तक भवन जलकर राख हो गया। लेकिन लोगों ने आग को अन्य भवनों में फैलने से रोक दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा तफरी मची रही। मामले में एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आग समीपवर्ती आबादी क्षेत्र तक न पहुंचे इसके लिए आग को फैलने से रोका गया। बताया कि भवन के अंदर सुलग रही लकडिय़ों को बुझा दिया गया है। बताया कि विभागीय टीम नुकसान के आंकलन में जुटी हुई है। बताया कि आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।




