तिहाड़ जेल में गैंगवार, सुबह सुबह गैंगस्टर का मर्डर, मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

देश की राजधानी दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या का मामला सामने आया है। उस पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने हमला किया था। उसे अस्पताल भी ले जाया गया था। न्यूज एजेंसी एएनआई के के अनुसार, दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट के आरोपी गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों योगेश टुंडा और अन्य ने तिहाड़ जेल में रॉड से हमला कर मार डाला। जेल अधिकारी टिल्लू को दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर भी पहुंचे, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस जांच में जुटी है।

तिहाड़ जेल की हाई रिस्क वार्ड में ग्राउंड फ्लोर पर टिल्लू ताजपुरिया (33) बंद था। टिल्लू पर सुबह करीब सवा छह बजे जेल में ही बंद चार बदमाशों दीपक उर्फ तीतर, योगेश उर्फ टुंडा, राजेंद्र और रियाज खान ने सुए से हमला किया था। बताया जाता है कि हमलावर चारों ने लोहे की रॉड से सुआ बना रखा था। जेल प्रशासन घायल अवस्था में टिल्लू को अस्पताल ले गया था।

दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में 24 सितंबर 2021 में बदमाशों ने दिल्ली के टॉप मोस्ट बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी की हत्या कर दी थी। इस मामले में सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया का नाम सामने आया था। रोहिणी कोर्ट संख्या 207 में जितेंद्र उर्फ गोगी के घुसते ही हमलावरों ने गोलियां बरसाई थी। पहली गोली उसकी पीठ पर मारी गई। गोली लगते ही उसने पीछे घूमकर हमलावरों की तरफ देखा तो फिर उसके सीने पर ताबड़तोड़ गोलियां मारी गईं।

Ad