सुबह 8 बजे खुले केदारनाथ धाम के कपाट, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और दिव्य क्षण के साक्षी बने।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी के साथ धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार इस वर्ष पहली पूजा नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।
धाम को लगभग 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर अलौकिक नजर आया। कपाट खुलने के अवसर पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इससे एक दिन पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर कठिन 17 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करते हुए केदारपुरी पहुंची। जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए धाम पहुंची डोली का श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया।
डोली ने मंदिर की परिक्रमा करने के बाद भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान सेना के बैंड और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पुलिस व आईटीबीपी के जवान तैनात रहे।
कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। देश-विदेश से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की है। इनमें स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा नियमों का पालन करना शामिल है।
इस मौके पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी सीईओ विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




