हल्द्वानी के बनभूलपुरा में करंट लगने से बाप बेटी की मौत, क्षेत्र में मातम

हल्द्वानी के आज़ाद नगर लाइन नम्बर 16 में एसी का आउटडोर ठीक करते समय करंट लगने से बाप बेटी की मौत से देर शाम पूरा क्षेत्र दहल उठा। पिता पुत्री की एक साथ मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। दुखद हादसा देर शाम करीब नौ बजे हुआ। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के आज़ाद नगर लाइन नम्बर 16 में नदीम उम्र तकरीबन 45 साल देर शाम नौ बजे घर के AC का आउटडोर ठीक कर रहे थे कि अचानक उन्हें करंट ने अपनी चपेट में ले लिया। उन्हें चीखता देख उनकी बेटी अलिसबा उम्र करीब 12-13 नज़दीक पहुंची तो करंट ने उसे भी अपनी ओर खींच लिया। बताया जा रहा कि बाप बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि परिजन और आसपास के लोग तुरंत दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुँचे लेकिन वहां डॉक्टरों ने भी दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैली और लोगों को ग़मज़दा कर दिया। बनभूलपुरा से सैकड़ों लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में मौजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग से कई बार शिकायत की गई है कि लाइन नम्बर 16 में कई बिजली पोलों में करंट दौड़ रहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। लोगों का आरोप है कि ये दो मौतें बिजली विभाग की लापरवाही से ही हुई हैं।
इधर, समाजवादी पार्टी के उत्तराखण्ड प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीक़ी ने 15-आज़ादनगर निवासी नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बड़ी पुत्री को विधुत करंट लगने से हुई मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।नदीम सलमानी अपने पीछे अपनी पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। जिनके पास जीवन में अंधकार के सिवा कुछ नहीं बचा है।श्री सिद्दीकी ने कहा कि आये दिन विधुत आपूर्ति में अर्थिंग व डबल फेस की समस्या उत्पन्न होती रहती है। आज भी क्षेत्र के लोगों ने इस समस्या की शिकायत की थी। श्री सिद्दीकी ने कहा कि नदीम के परिवार को विधुत विभाग और प्रदेश सरकार व स्थानीय प्रशासन को उचित आर्थिक मदद करनी चाहिए जिससे कि उनके परिवार को आर्थिक संकट ना झेलना पड़े।अंत मे श्री सिद्दीकी ने उनके परिवार के सदस्यों को ठाडस बंधाते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।



