haldwani–मतदाता सूची में नाम और विवरण की गड़बड़ी सुधारने का मौका, 11 सितंबर तक दावे-आपत्तियां

हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर हुई बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की। बैठक में मतदाता सूची के नोटिस वितरण तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस वितरण तथा दावे-आपत्तियों की सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होने से बचाना और अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रोकना है।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। दावे-आपत्तियों और नोटिसों पर सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जनपद नैनीताल की प्रारूप निर्वाचक नामावली में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में जारी 2,35,085 नोटिसों में से अब तक 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 69,318 नोटिसों पर अब तक सुनवाई पूरी हो चुकी है।
जिले में करीब 1,88,054 प्रकरण विसंगति श्रेणी और 47,031 प्रकरण अन्य चिह्नित श्रेणी में पाए गए हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की कार्रवाई की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक प्रपत्र-6 के 12,450, प्रपत्र-7 के 11,599 और प्रपत्र-8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है या नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें।
बैठक में एसडीएम मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई समेत सपा के हरीश सिनौला व संजू, कांग्रेस के मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट व प्रकाश पटवाल तथा भाजपा के आनंद सिंह और मनीष पाल मौजूद रहे।



