haldwani—बंद घर खंगालने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 37, दमुवाढूंगा में 16 नवंबर को एक बड़ी चोरी की घटना घटी, जब अज्ञात चोरों ने वादी किशन राम के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात, घरेलू सामान, गैस सिलेंडर और नगदी चोरी कर ली। चोरी की घटना के बाद वादी ने थाना काठगोदाम में तहरीर दी, जिस पर एफआईआर संख्या 116/2024 धारा 305/331 बीएनएस के तहत 19 नवंबर 2024 को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन और सख्त निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक क्राइम/नगर हरबंश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम दीपक बिष्ट के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने गहन जांच और सटीक सुरागरसी करते हुए चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर चोरों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस टीम ने विशेष ऑपरेशन के दौरान दो शातिर चोरों, गौरव कुमार (25 वर्ष) और बबलू आर्या (28 वर्ष), को वृद्धा आश्रम के पास चौफला से गिरफ्तार किया। आरोपी गौरव कुमार मलूना चौफुला दमुवाढूंगा का निवासी है, जबकि बबलू आर्या उपरोक्त क्षेत्र का निवासी है। जांच में यह खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी पहले भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं और इस बार चोरी का सामान लेकर लखनऊ भागने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 7,90,000 रुपये आंकी गई है। बरामद सामान में शामिल हैं-

02 अदद सोने के गलोबन्द
03 अदद सोने के मंगलसूत्र
02 अदद सोने की नथनी
01 अदद सोने की अंगूठी
01 अदद सोने का कर्णफूल
01 अदद सोने की नोज पिन
01 जोड़ी चांदी की पाजेब
01 अदद घड़ी
02 अदद गैस सिलेंडर (भारत कंपनी)
01 एलसीडी (सैमसंग)
इस सफलता के पीछे काठगोदाम पुलिस की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम में थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट, उप-निरीक्षक अरुण सिंह राणा, उप-निरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल अशोक रावत, कांस्टेबल भानू प्रताप ओली और कांस्टेबल भुवन चन्द्र शामिल थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad