पंतनगर किसान मेला कल से, भगत सिंह कोश्यारी व सीएम धामी करेंगे उद्घाटन

पंतनगर। विश्वविद्यालय में कुलपति डा. मनमोहन सिंह चौहान की अध्यक्षता में 117वें अखिल भारतीय किसान मेला और कृषि उद्योग प्रदर्शनी को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता का संचालन सहायक निदेशक संचार डा. अर्पिता शर्मा काण्डपाल ने किया। निदेशक प्रसार शिक्षा, डा. जितेन्द्र क्वात्रा ने जानकारी दी कि कुलपति डा. मनमोहन सिंह चौहान के नेतृत्व में 7 से 10 मार्च 2025 तक 117वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह 7 मार्च 2025 को होगा, जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल, महाराष्ट्र और पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड भगत सिंह कोश्यारी होंगे। इसके अलावा कृषि मंत्री गणेश जोशी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा और सांसद अजय भट्ट भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
मेले का उद्देश्य कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देना और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित तकनीकी जानकारी को किसानों तक पहुंचाना है ताकि वे इन तकनीकों को अपनी खेती में लागू कर सकें और अपनी आय में वृद्धि कर सकें। इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित खरीफ की फसलों, बीजों और सब्जियों की प्रदर्शनी भी लगेगी।
कुलपति डा. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि हाल ही में विश्वविद्यालय ने 17वीं एग्रीकल्चरल साइंस कांग्रेस का सफल आयोजन किया, जिसमें मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। इसके अलावा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा विश्वविद्यालय को अतिरिक्त फंडिंग दी जाएगी, जिससे शोध और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
चार दिवसीय किसान मेला में किसान गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा, जहां वैज्ञानिक ग्रीष्मकालीन धान (समर राइस) के विकल्प पर चर्चा करेंगे। साथ ही, किसानों को उन्नत धान, बागवानी और सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि अनुसंधान के नवीनतम नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा, और डेयरी फार्म पर बद्री गाय और पोल्ट्री फार्म पर मुर्गी पालन से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
कुलपति ने यह भी बताया कि 2030 तक मोटे अनाज (मिलेट्स) की कीमतें धान और गेहूं से अधिक हो सकती हैं, जिससे इनकी उत्पादन को बढ़ावा देना आवश्यक है। किसान मेला फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और मत्स्य पालन, मुर्गी पालन और फल उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित रहेगा। इस चार दिवसीय आयोजन का उद्देश्य 1000 से अधिक किसानों को जोड़ना और उन्हें नवीनतम तकनीकों और बाजार के नए अवसरों की जानकारी देना है।
