लागा वर्दी पे दाग…..नैनीताल की ज्योलीकोट चौकी के इंचार्ज व कॉन्स्टेबल लाइन हाजिर

नैनीताल। नैनीताल जिले के भीमताल विकास खंड के तहत ज्योलीकोट क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी पर्यटकों को कथित तौर पर 18 हजार रुपये लेकर छोड़ने का मामला सामने आया था। जिले के पुलिस कप्तान डा. मंजूनाथ टीसी ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए ज्योलीकोट चौकी प्रभारी और एक कॉन्स्टेबल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक ज्योलीकोट क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि स्कॉर्पियो सवार चार पर्यटकों ने क्षेत्र की एक महिला के साथ छेड़छाड़ की है। सूचना के बाद पुलिस ने वायरलेस से अलर्ट जारी कर पर्यटक वाहन को रानीबाग क्षेत्र में रोक लिया।
आरोप है कि पुलिस पर्यटकों को ज्योलीकोट चौकी ले गई लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय 18 हजार रुपये के लेनदेन के बाद मामला रफादफा कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जब पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने पुलिस पर दबाव बनाया। इसके बाद कथित तौर पर पर्यटकों को 18 हजार रुपये ऑनलाइन वापस कर दिए गए। रकम वापस होने के बावजूद क्षेत्रवासियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और उन्होंने मामले को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की।
वहीं सोशल मीडिया में पर्यटकों ने भी पुलिस पर पैसे लेने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे तो एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले में संज्ञान लिया। एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि महिला से छेड़छाड़ के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय रुपयों के लेनदेन की शिकायत प्राप्त हुई थी जिस पर संज्ञान लेते हुए ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम बोरा और कांस्टेबल धमेंद्र साहनी को जांच होने तक लाइन हाजिर किया है। मामले की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




