हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एफआइआर मामले में एक नया ट्स्टि, बात अब और आगे तक जाएगी

हल्द्वानी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज एफआईआर को लेकर वाल्मीकि समाज की बैठक देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में दिल्ली से हल्द्वानी पहुंचे नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गनाइजेशंस (नैकडोर) के चेयरमैन अशोक भारती का समाज की ओर से स्वागत किया गया। बैठक में अशोक भारती ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले की जानकारी साझा की और प्रकरण की गंभीरता से समाज के लोगों को अवगत कराया।
उन्होंने समाज के लोगों से मामले को तथ्यों के आधार पर समझने और आगे की कार्रवाई को लेकर एकजुट रहने की बात कही। बैठक में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार ने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने वाला व्यक्ति वाल्मीकि समाज से संबंधित है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों ने जब इस संबंध में जानकारी जुटाई तो उनके अनुसार मुकदमा दर्ज कराने वाले अमित कुमार का वाल्मीकि समाज से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में वाल्मीकि समाज की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से भी स्थिति स्पष्ट की गई है। बैठक में मौजूद समाज के गणमान्य और प्रबुद्ध लोगों ने भी कहा कि एफआईआर कराने वाले व्यक्ति द्वारा स्वयं को वाल्मीकि समाज से जोड़ने की बात से समाज की छवि प्रभावित हुई है।
समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि यह समाज को बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस मामले से वाल्मीकि समाज में नाराजगी है और संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से सामने आकर माफी मांगने की मांग की गई है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जवाहर नगर वार्ड संख्या-15 निवासी अमित कुमार ने माफी नहीं मांगी तो वाल्मीकि समाज की ओर से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में श्याम बाबू, रमेश चंद्र, चौधरी सुरेश लाल, विजय पाल, हर प्रसाद, धर्मपाल, चंद्रपाल, मुकेश, विश्वास चौहान, प्रेम सिंह, राजेश, राजेश खन्ना, अर्जुन, रोहित पार्षद, सचिन, सिद्धार्थ चौहान, अरुण, रौनक पाल सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।




