हल्द्वानी में कोचिंग सेंटरों की शामत….. खामियां मिलने पर 7 सील

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों पर बड़ा अभियान चलाते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन मानकों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर सात कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
गुरुवार देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में मुखानी, पंचक्की और दुर्गासिटी सेंटर क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फायर सेफ्टी व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जांच की।
कई संस्थानों में फायर एनओसी उपलब्ध नहीं मिली, जबकि कुछ स्थानों पर सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाई गईं। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने सात कोचिंग संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की है। वहीं एक अन्य संस्थान को फायर सुरक्षा से जुड़े आवश्यक मानकों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सात कोचिंग संस्थानों को सील किया गया, जबकि कल्पवृक्ष इंस्टीट्यूट में फायर एनओसी होने के कारण कमियों के निराकरण के लिए तीन दिन का नोटिस दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाएगी, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि हल्द्वानी में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले दर्जनों कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जहां हजारों छात्र अध्ययन करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह विशेष अभियान शुरू किया है।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ये कोचिंग सेंटर हुए सील
संकल्प कोचिंग सेंटर
प्रदीप एकेडमी-1
प्रदीप एकेडमी-2
जयश्री कॉलेज, हल्द्वानी
तुषार पंत पीएमटी क्लासेस
जीत आईएएस कोचिंग सेंटर, दुर्गासिटी सेंटर
फिजिक्स कोचिंग सेंटर, तृतीय तल, दुर्गा सिटी




