कैंची धाम में उमड़ा विश्वव्यापी श्रद्धा का सैलाब, अमेरिका से पहुंचे भक्त मैक्स विलियम्स हुए भावुक

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश-विदेश से लाखों भक्त बाबा नीब करोरी महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचे। इस दौरान अमेरिका से आए भक्त मैक्स विलियम्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जो पहली बार बाबा के दरबार में मत्था टेकने पहुंचे।
मैक्स विलियम्स ने बताया कि वर्ष 2020 में वे रामदास जी के प्रवचनों और व्याख्यानों से प्रभावित होकर अध्यात्म की ओर आकर्षित हुए। तभी से उनका जीवन बाबा नीब करोरी महाराज की भक्ति और सेवा को समर्पित हो गया। अमेरिका में रहकर भी वे बाबा के संदेश और सेवा कार्यों से जुड़े हुए हैं।
कैंची धाम पहुंचने के बाद भावुक हुए मैक्स ने कहा यहां आकर मुझे असीम शांति की अनुभूति हो रही है। यहाँ का वातावरण और लोग बेहद मिलनसार और दयालु हैं। जैसे ही मैंने इस पावन भूमि पर कदम रखा, मुझे ऐसा महसूस हुआ मानो स्वयं बाबा ने मुझे अपने घर वापस बुला लिया हो।
स्थापना दिवस के अवसर पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच नैनीताल पुलिस और प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की भी मैक्स ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद व्यवस्थाएं बेहद सुव्यवस्थित और प्रभावी नजर आईं।
कैंची धाम में बाबा नीब करोरी महाराज के प्रति श्रद्धा और विश्वास का यह अद्भुत संगम एक बार फिर देखने को मिला, जहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी भक्त बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचे।



