हल्द्वानी में मुरादाबाद से मामा के घर छुट्टियां बिताने आई किशोरी को कैंटर ने मारी टक्कर, मौत…भीड़ का गुस्सा और पथराव

हल्द्वानी के बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के शनिबाजार रोड स्थित इंदिरानगर रेलवे क्रासिंग बरसाती के पास सोमवार की शाम 6.30 बजे तेज रफ्तार कैंटर ने ई स्कूटी सवार दो किशोरियों को टक्कर मार दी। तेज टक्कर से स्कूटी चला रही सकीना स्कूटी के साथ बाएं तरफ गिरी जबकि पीछे बैठी आदिया (14) कैंटर के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। पहिया उसके शरीर व सिर पर चढ़ गया। शोर सुनकर आसपास से सैकड़ों लोग पहुंचे और चालक को पकड़कर जमकर पीटा। पथराव से कैंटर के शीशे टूट गए। आनन फानन में पहुंची फोर्स ने चालक को हिरासत में लिया और कैंटर लेकर थाने पहुंची।
मुरादाबाद निवासी अब्दुल रहमान की बेटी आदिया बकरीद की छुट्टी पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बनभूलपुरा के गौजाजाली निवासी अपने मामा शानू के यहां आई थी। बनभूलपुरा कोतवाली इंस्पेक्टर डीएस फर्त्याल ने बताया कि गौजाजाली से शानू की बेटी शकीना फातिमा अपनी ममेरी बन आदिया के साथ सोमवार की शाम स्कूटी से बाजार खरीदारी के लिए निकली। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रही थीं। शाम साढ़े छह बजे के करीब वह मंडी की तरफ से जैसे ही रेलवे फाटक के पहले पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दिया। स्कूटी अनियंत्रित हो गई और आदिया सड़क की तरफ गिरी। वह कैंटर के पिछले पहिए के नीचे आ गई। जबकि स्कूटी चला रही शकीना बाए तरफ गिरी। उसे हल्की चोट आई।
उधर ममेरी बहन को इस स्थिति में देख वह सदमा में आ गई। घटना के तत्काल बाद हृदय विदारक हादसा देखकर लोगों का गुस्सा बढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। चालक को वाहन से खींचा और पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच कुछ युवकों ने पथराव कर वाहन का शीशा तोड़ दिया। इसी बीच बनभूलपुरा कोतवाली के साथ ही मंडी चौकी पुलिस भी पहुंच गई। चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया और बनभूलपुरा कोतवाली ले आई। कैंटर को भी कोतवाली पहुंचाया गया। विवाद के कारण रेलवे फाटक से मंडी चौराहा तक वाहनों का जाम लग गया। लोग कैंटर के तेज रफ्तार पर चलने की बात कहते हुए इस मार्ग से भारी वाहनों के आवाजाही पर पाबंदी की मांग की। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी मय फोर्स पहुंचे और लोगों को समझाकर रास्ता साफ कराया। उधर बालिका के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। बालिका के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा।
कैंटर ने स्कूटी सवार दोनों बालिकाओं को टक्कर मारा और एक बालिका वाहन के पहिए के नीचे आ गई। उसकी मौत हो गई। वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।-अमित कुमार सैनी, सीओ हल्द्वानी




