Nainital: कृष्णापुर में भूस्खलन पर एक्शन मोड में प्रशासन, खतरनाक बोल्डरों को हटाने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन और पहाड़ी से गिर रहे बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर अवस्था में मौजूद विशाल बोल्डर को रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा पहले जाल लगाया गया था, लेकिन वह पर्याप्त साबित नहीं हुआ। हाल ही में बोल्डर गिरने से एक कार और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि केवल बोल्डरों को स्थिर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सुरक्षित और स्थायी निस्तारण जरूरी है। इसके लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को मौके पर बुलाकर आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में विभाजित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को संबंधित एजेंसी से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वे जल्द कराने को भी कहा।

यह भी पढ़ें 👉  मानकों की अनदेखी पड़ी भारी: खुर्पाताल का डायनेस्टी रिजॉर्ट सील, प्रशासन ने जड़ा ताला

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर पैदल मार्ग और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक बलियानाला क्षेत्र का स्थायी स्थिरीकरण नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान मार्ग पर रेलिंग लगाकर उसे सुरक्षित बनाया जाए।

स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक दोपहिया मार्ग निर्माण और कुमाऊं विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग मैदान से पुराने कूड़ा खड्ड तक हल्के वाहनों के लिए मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  OMG.........नैनीताल में कांकड को निगल गया अज़गर, आवासीय इलाके में मची दहशत

क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने नगर पालिका को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कार्य में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों का उस दिन का वेतन काटने को कहा।

आयुक्त ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि भूस्खलन और मार्ग धंसने की समस्या का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या की सूचना सीधे उन्हें दें।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Ad