रानीबाग में विवादित ‘चौपाटी’ पर चला प्रशासन का बुलडोज़र

हल्द्वानी। रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट में निर्मित चौपाटी पर बुधवार देर शाम जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। साथ ही भूमि स्वामित्व विवाद को देखते हुए नैनीताल तहसीलदार को रिसीवर नियुक्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बुधवार को नैनीताल एसडीएम नवाजिश खालिक और सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम रानीबाग चित्रशिला धाम पहुंची।
यहां चौपाटी के लिए किए जा रहे निर्माण को मौके पर ही बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया और परिसर की बाउंड्री को सील कर दिया गया। एसडीएम नवाजिश खालिक ने बताया कि संबंधित भूमि के स्वामित्व को लेकर कत्यूरी वंशज, धाम समिति और चौपाटी संचालक के बीच विवाद चल रहा है। मामले की शिकायत काठगोदाम थाने में भी दर्ज कराई गई थी। न्यायालय के आदेशों और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त किया गया है। प्रशासन ने इस प्रकरण में नैनीताल तहसीलदार अक्षय भट्ट को रिसीवर नियुक्त किया है।




