हल्द्वानी में एक और दर्दनाक हादसा…बेकाबू कैंटर ने ली रिटायर्ड फौजी की जान, चालक फरार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक रिटायर्ड फौजी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से 47 वर्षीय शमशेर सिंह, निवासी गंगापुर कबड़वाल, की जान चली गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शमशेर सिंह बाइक से हल्द्वानी से मोटाहल्दू स्थित अपने घर लौट रहे थे। गन्ना सेंटर के पास रुद्रपुर की ओर से आ रहे एक बेकाबू कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर टीपी नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात सुचारु कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करती है।

Ad