मतदाताओं के लिए बड़ी पहल: 7 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, भरवाएंगे गणना फॉर्म

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल/हल्द्वानी : उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में सोमवार से नैनीताल जिले में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में हुई, जहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उनके विवरणों का सत्यापन और अद्यतन किया जाएगा, जिससे निर्वाचन नामावली को और अधिक सटीक बनाया जा सके।

अभियान के तहत बीएलओ पूजा ने कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें गणना फॉर्म सौंपा और आवश्यक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार राय तथा उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाजिश खालिक भी मौजूद रहे।

इसी क्रम में बीएलओ द्वारा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय, बीएलओ राजेंद्र गिरी, सुपरवाइजर कैलाशचंद जोशी और समन्वयक गिरीश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड BJP की नई टीम का ऐलान, पहाड़ से मैदान तक साधा सियासी संतुलन; 178 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी मतदाताओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करेंगे और प्राप्त विवरणों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे।

बुक ए कॉल विद BLO’ सुविधा भी शुरू

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद BLO” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। मतदाता वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand हाईकोर्ट हल्द्वानी शिफ्टिंग को लेकर नैनीताल से बड़ी खबर

यदि किसी घर पर पहली बार में मतदाता नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार तक विजिट करेंगे और घर पर स्टिकर लगाकर अगली विजिट की तिथि तथा अपना मोबाइल नंबर भी अंकित करेंगे।

मतदाताओं से फोटो देने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फॉर्म के साथ उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad