पिथौरागढ़ से लौट रहे चॉपर की काठगोदाम में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, छतों के ऊपर मंडराया हैलीकॉप्टर तो मच गयी मोहल्ले में खलबली..video

हल्द्वानी। शनिवार को खराब मौसम और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण पिथौरागढ़ से लौट रहे एक हेलीकॉप्टर की काठगोदाम में नगर निगम इंटर कॉलेज में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ऐसे में चॉपर में मौजूद दो सवारियों की भी हालत खराब हो गई। समय रहते सुरक्षित लैंडिंग होने से बड़ा हादसा टल गया। काठगोदाम में अचानक हुई हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया।
तेज बारिश में लोग घरों से बाहर आ गए। हादसा होता, इससे पहले ही काठगोदाम इंटर कॉलेज में चॉपर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के ठीक बगल में हेलीपैड है। यहां से चॉपर सवारियां लेकर पहाड़ की ओर जाता है। बताया जाता है कि शनिवार को भी एक चॉपर ने हल्द्वानी से सवारियां लेकर उड़ान भरी थी। पिथौरागढ़ में सवारियां उतारने के बाद चॉपर वहां से वापसी में दो सवारियों के साथ हल्द्वानी लौट रहा था, लेकिन अचानक रास्ते में ही मौसम बिगड़ गया।
बताया जाता है कि पायलट ने गौलापार में अपने निर्धारित लैंडिंग स्थल तक पहुंचने की कोशिश की। इसी दौरान रास्ते में मौसम अचानक खराब हो गया और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई, जिससे गौलापार स्थित निर्धारित हेलीपैड तक पहुंचना संभव नहीं रहा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने वैकल्पिक सुरक्षित स्थान पर उतरने की अनुमति मांगी। लेकिन मौसम बिगड़ता गया। बताया जा रहा है कि पायलट ने कई जगहों पर लैंडिंग करने की कोशिश की, लेकिन चॉपर की लैंडिंग नहीं हो पाई। मूसलाधार बारिश के बीच चॉपर लोगों के घरों की छतों के ऊपर घूमता रहा, जिससे लोगों में दहशत का माहौल हो गया।
इसके बाद पायलट ने मजबूरन किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद नगर निगम इंटर कॉलेज, काठगोदाम के मैदान में चॉपर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। आनन-फानन में मौके पर पुलिस पहुंची। इसके बाद चॉपर में सवार दोनों यात्रियों को निजी कार से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
तहसीलदार कुलदीप पांडे ने बताया कि खराब मौसम की वजह से चॉपर की काठगोदाम में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। हेलीकॉप्टर और उसमें सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।




